टोड़ी फतेहपुर। खेत पर फसल देखने गए किसान की सांप के डसने से मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना टोड़ी फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम रेवन निवासी परमोले कुशवाहा का पुत्र मातादीन कुशवाहा (55) बुधवार को अपने खेत पर फसल देखने गया था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर सांप ने उसके पैर में डस लिया। किसान ने सर्प के डसने को गंभीरता से नहीं लिया और घर लौट आया। घर पहुंचने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे मऊरानीपुर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्रामीणों ने बताया कि मातादीन परिवार का मुखिया था और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी और दो पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों ने सपेरों को बुलाया। सपेरे मशक्कत के बाद सांप को पकड़ पाए।
