कदौरा। कस्बा क्षेत्र के मोहल्ला आंबेडकर नगर में शुक्रवार तड़के बंदरों के आतंक ने एक विवाहिता की जान ले ली। छत पर सो रही महिला पर अचानक बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बंदरों को अपने चारों ओर देखकर महिला बुरी तरह घबरा गई और खुद को बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठी। वह छत से नीचे फर्श पर गिर गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई।
कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पाली निवासी दीपू की पत्नी मानसी (24) अपने फूफा के घर आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कुरारा जनपद हमीरपुर गई थी। कार्यक्रम देर रात तक चलने के कारण वह अपने मायके लौटने के बजाय कदौरा के आंबेडकर नगर निवासी अपने फूफा रामसेवक के घर रुक गई थी।
भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य रात में छत पर सोए हुए थे। सुबह होने पर अन्य लोग नीचे उतर गए, जबकि मानसी छत पर ही सोती रही। इसी दौरान तड़के करीब 10 से 15 बंदरों का झुंड अचानक छत पर पहुंच गया और उसके आसपास उछलकूद करने लगा। बंदरों की आवाज और हलचल से मानसी की नींद खुली। अचानक चारों ओर बंदरों को देखकर वह घबरा गई और बचने का प्रयास करने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हड़बड़ाहट में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से सीधे नीचे फर्श पर सिर के बल आ गिरी। सिर में गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गई। तेज आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मानसी की शादी दो वर्ष पहले मध्य प्रदेश के दतिया जिले के छान गांव निवासी दीपू के साथ हुई थी। हालांकि, वह पिछले कुछ समय से अपने मायके पाली में रह रही थी।
थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचायतनामा भरकर भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
