कोपागंज। खेलो इंडिया को बढ़ावा दिए जाने के लिए कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के लाड़नपुर गांव में आठ करोड़ की लागत से आधुनिक मिनी स्टेडियम बनेगा। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। युवा कल्याण विभाग की ओर से भूमि चिह्नित कर ली गई है। विभाग की ओर से निर्माण का आकलन तैयार कर बजट बनाकर शासन को प्रस्ताव भेजा है। बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
जिले में मात्र रानीपुर ब्लॉक क्षेत्र में ही दो मिनी स्टेडियम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, मगर अभ्यास के लिए बेहतर मैदान और जरूरी संसाधन उपलब्ध न होने से युवाओं को परेशानी होती है। कई खिलाड़ियों को क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स की तैयारी के लिए दूर जाना पड़ता है। मिनी स्टेडियम बनने से उन्हें गांव के पास ही अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। इससे समय और आने-जाने के खर्च की बचत होगी। खिलाड़ियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए युवा कल्याण विभाग की तरफ से कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के लाड़नपुर गांव में आठ करोड़ से अधिक रुपये से मिनी स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव भेजे जाने के बाद खिलाड़ियों को सुविधा की आस जगी है। युवा कल्याण विभाग की तरफ से ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा दिया जाने के लिए मिनी स्टेडियम की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कराया गया है। आधुनिक मिनी स्टेडियम बनने से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। विभाग की ओर से मिनी स्टेडियम बनाने की तैयारी की जा रही है, इसके लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। विभाग की ओर से निर्माण का आकलन तैयार कर शासन से बजट मांगने की कवायद चल रही है। बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस बाबत जिला युवा कल्याण अधिकारी काशी नाथ का कहना है कि कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के लाड़नपुर गांव में मिनी स्टेडियम के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। निर्माण का आकलन तैयार कर शासन से बजट की मांग के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
