इंदरपुर। बेटा, अब बुढ़ापे में किसके सहारे जिएंगे…यह कहते हुए किशन के माता-पिता की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। नगरा थाना क्षेत्र के विसरुफ गांव में तालाब में नाव पलटने से दो युवकों की मौत ने दो परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।
जिस घर में शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार और सिसकियां सुनाई दे रही हैं। हादसे के बाद राज सिंह की बहन की शादी की तिथि टाल दी गई है। वहीं, 22 नवंबर को बिहार के पटना जाने वाला तिलक कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया। गांव के अरविंद सिंह ने बताया कि विशुनपुरा गांव निवासी मुन्नीलाल सिंह के यहां वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन हादसे ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं।
हादसे में जान गंवाने वाला हल्दी थाना क्षेत्र के सीताकुंड निवासी किशन तिवारी अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। किशन अपने दोस्त राज सिंह की बहन की शादी में शामिल होने आया था। उसके साथ दिल्ली से चार अन्य दोस्त भी पहुंचे थे। इनमें बक्सर के डुमरांव विक्रमगंज निवासी शनि और गाजीपुर के यूसुफपुर मुहम्मदाबाद निवासी आयुष भी शामिल थे। राज के पिता मुन्नीलाल सिंह और ग्रामीणों ने बताया कि पांचों बचपन के दोस्त थे और दिल्ली में साथ रहकर काम करते थे। दोस्ती ऐसी थी कि राज के घर में कोई भी कार्यक्रम हो, सभी बिना बुलाए पहुंच जाते थे। इस बार भी दोस्त की बहन की शादी में हाथ बंटाने के लिए सभी विसरुफ आए थे।
–मां और दादी की चीख-पुकार से दहल उठा गांव,
हल्दी। रविवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद किशन का शव सीताकुंड स्थित घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। मां संगीता, दादी उर्मिला देवी और अन्य परिजन शव से लिपटकर दहाड़ें मारकर रोने लगे। मां की चीख-पुकार और परिजनों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। हल्दी थाना क्षेत्र के सीताकुंड गांव निवासी दिलीप तिवारी दिल्ली में रहकर निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी संगीता तिवारी दो बेटियों पलक, पायल और बेटे किशन के साथ दिल्ली में रहती हैं। किशन भी वहीं पढ़ाई करता था, जबकि गांव पर उसकी दादी उर्मिला देवी रहती हैं। दिलीप तिवारी चार दिन पहले पत्नी और बेटे के साथ गांव आए थे।
सेल्फी लेने के दौरान पलट गई नाव
शनिवार को पांचों दोस्त विसरुफ स्थित विशाल तालाब में घूमने और जश्न मनाने पहुंचे थे। तालाब की सुंदरता देखकर सभी नाव पर सवार होकर घूमने निकल पड़े। नाव तालाब के बीच गहरे पानी में पहुंची तो सभी दोस्त सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। पांचों दोस्त गहरे पानी में डूबने लगे। इसमें शनि और किशन गहरे पानी में समा गए। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेजे थे। रविवार देर शाम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

नगरा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में नाव पलटने से मृतक किशन। फाइल फोटो, परिजन
