– बढ़नी, खुनुवां और ककरहवा के कारोबारियों को भारत-नेपाल वार्ता से आस
– कस्टम शुल्क में राहत और सीमा पार व्यापार आसान बनाने की उठ रही मांग
सिद्धार्थनगर। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के दो दिवसीय भारत दौरे को लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों के कारोबारियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। दिल्ली में दोनों देशों के बीच होने वाली वार्ता में सीमा पार व्यापार को सुगम बनाने, कस्टम प्रक्रिया में राहत देने और आवागमन की सुविधाएं बढ़ाने पर सहमति बनने की उम्मीद है। इससे बढ़नी, खुनुवां और ककरहवा के बाजारों में कारोबार को गति मिलने की आस है।
जिले की करीब 68 किलोमीटर सीमा नेपाल से लगती है। बढ़नी और खुनुवां में कस्टम के माध्यम से व्यापारिक वाहनों की आवाजाही होती है, जबकि अलीगढ़वा में बाइक और साइकिल से सामान्य आवागमन होता है। ककरहवा सीमा पर बसों की आवाजाही होती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि ककरहवा से भी व्यापारिक वाहनों का आवागमन शुरू हो और अलीगढ़वा में कस्टम व भंसार कार्यालय खोला जाए।
नेपाल में सीमा पर सख्ती बढ़ने और भारतीय सामानों पर कस्टम शुल्क के नियमों से सीमावर्ती बाजारों का कारोबार प्रभावित हुआ है। इसका असर खरीदारी, पर्यटन और रिश्तेदारी में आने-जाने वालों पर भी पड़ा है। व्यापारियों का कहना है कि सीमा पर लागू प्रक्रियाओं को सरल बनाने और सामानों पर लगने वाले शुल्क में राहत देने की जरूरत है।
ककरहवा के रमेश कुमार, विनोद अग्रहरि और कमेश ने कहा कि यहां से व्यापारिक वाहनों की आवाजाही शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। अलीगढ़वा के जुबैर ने कस्टम और भंसार कार्यालय खोलने की मांग की। वहीं, खुनुवां के रमेश कुमार मिश्र और चंद्रकेश कुमार ने नेपाली बाजार में भारतीय सामानों पर लगने वाले कस्टम शुल्क में राहत देने की जरूरत बताई।
बोले सीमावर्ती लोग
भारत-नेपाल के बीच पुराने व्यापारिक संबंध हैं। प्रधानमंत्री के दौरे से उम्मीद है कि सीमा पार व्यापार को सरल बनाने और कस्टम प्रक्रिया में राहत देने पर सकारात्मक निर्णय होगा। इससे सीमावर्ती बाजारों में कारोबार बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
– सरदार हरभजन सिंह, व्यापारी, बढ़नी
भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की जरूरत है। सीमा पर आवागमन आसान होने और व्यापारिक अड़चनें दूर होने से नेपाली ग्राहकों की भारतीय बाजारों में आवाजाही बढ़ेगी। इससे सीमावर्ती कारोबारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
– त्रियुगी अग्रहरि, व्यापारी, बढ़नी
