उरई। सुनसान जगहों पर लगे एटीएम से रुपये चोरी करने वाले दो शातिरों को बुधवार रात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस को बाइक, दो चाकू व मशीनों को काटने के उपकरण बरामद हुए हैं।
शहर कोतवाली पुलिस को बुधवार की रात सूचना मिली कि पॉलिटेक्निक के पास दो लोग किसी घटना करने की फिराक में खड़े थे। इस पर टीम ने कानपुर नगर के श्याम नगर निवासी अभिजीत व कानपुर नगर के मूसानगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी विशाल यादव को पकड़ लिया। उनके पास से एक बिना नंबर की बाइक, दो चाकू, एक कटर, प्लास, एक्सरे की कटी हुई फिल्म, एक टैपरोल, फेविकोल डिब्बी आदि बरामद हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह सुनसान जगह पर लगे एटीएम को निशाना बनाकर कटर के सहारे रुपये निकाल लेते हैं। चोरी के रुपये से अपने शौक पूरा करते हैं। वह रात में योजना बना रहे थे। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। कोतवाल अरुण राय ने बताया कि कुछ घटनाओं की जानकारी मिल रही थी। तभी से पुलिस इनकी तलाश में थी। कार्रवाई की गई है। (संवाद)
