यूपी में आठ बड़ी कंपनियां 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेंगी। इन परियोजनाओं से 25 हजार से ज्यादा प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का दावा किया गया है। इनमें हरित ऊर्जा से लेकर सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण तक की परियोजनाएं शामिल हैं।
एचसीएल-फॉक्सकॉन, अवाडा इलेक्ट्रो, एंबर एंटरप्राइजेज, एसएईएल सोलर, ओरियाना पॉवर, सीईएससी ग्रीन पॉवर, आईबी सोलर और एसेंट के सर्किट ने गौतमबुद्धनगर में नई औद्योगिक इकाइयां लगाने या मौजूदा निवेश का विस्तार करने का निर्णय लिया है। सरकार के मुताबिक, निवेशकों के लिए बनाई गई नीतियों, बेहतर बुनियादी ढांचे और समयबद्ध मंजूरी की व्यवस्था से यूपी में उद्योग जगत का भरोसा बढ़ा है।
सीईएससी ग्रीन पाॅवर लिमिटेड 3805 करोड़ का निवेश करेगी
हरित ऊर्जा क्षेत्र में अवाडा इलेक्ट्रो लिमिटेड सबसे बड़ा निवेश करने जा रही है। कंपनी 16139 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे करीब 7400 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। इसी क्षेत्र में एसएईएल सोलर प्राइवेट लिमिटेड 8000 करोड़ का निवेश करेगी। कंपनी की परियोजना से करीब 7760 रोजगार मिलने का दावा है। ओरियाना पाॅवर लिमिटेड 4500 करोड़ और सीईएससी ग्रीन पाॅवर लिमिटेड 3805 करोड़ का निवेश करेगी।
हाईटेक विनिर्माण के क्षेत्र में एचसीएल-फॉक्सकॉन (इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड) 3706 करोड़ का निवेश करेगी। इससे करीब 3000 रोजगार सृजित होंगे। वहीं, एसेंट के सर्किट ने 3,250 करोड़ के निवेश की घोषणा की है। इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में एंबर एंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड 3232 करोड़ का निवेश कर उत्पादन का विस्तार करेगी। इससे 3000 रोजगार मिलने की उम्मीद है। आईबी सोलर 3000 करोड़ का निवेश करेगी। इससे 3200 नए रोजगार सृजित होंगे। इन आठ परियोजनाओं में से छह को औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति-2022 के तहत सहायता दी गई है।
