आगरा के नवलगंज में रेलवे लाइन किनारे स्थित एक लॉजिस्टिक गोदाम में बुधवार सुबह सीएनजी ऑटो में शॉर्ट-सर्किट से भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। तीन दमकल गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।
पुष्पांजलि विहार, सिकंदरा निवासी स्वामी चावला का नवलगंज में रेलवे लाइन किनारे सिक्किम लॉजिस्टिक गोदाम है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब सात बजे पड़ोसियों का फोन आया कि गोदाम में खड़े ऑटो से धुआं निकल रहा है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि शॉर्ट सर्किट के कारण ऑटो में आग लग गई है। आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज लपटों ने देखते-ही-देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा परचून का सामान, जूते, जनरेटर, प्लास्टिक ब्रश और अन्य सामान करीब 50 लाख रुपये से अधिक का जलकर राख हो चुका था। घटना के दौरान आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सीएफओ ने बताया कि भीषण आग पर दो घंटे में काबू पा लिया।
