मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 8 जुलाई को वाराणसी में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच महत्वपूर्ण समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसका उद्देश्य विभाग के स्थायी एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा को और मजबूत करना है।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में वाराणसी के हस्तकला संकुल (ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसी समय मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ भी होगा।
जिलों में भी होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
मोनिका रानी ने कहा कि इस दौरान सभी जिलों में डीएम तथा तहसील मुख्यालयों पर एसडीएम की अध्यक्षता में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें एसबीआई और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच होने वाले एमओयू का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ताकि, अधिक से अधिक शिक्षक और कर्मचारियों तक यह जानकारी पहुंच सके।
बैंक अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश
महानिदेशक ने सभी बीएसए को निर्देश दिए कि वे एसबीआई के स्थानीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित करके कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करें। साथ ही एमओयू के उद्देश्यों और उससे मिलने वाले लाभों का प्रभावी प्रचार-प्रसार भी कराया जाए।
