आगरा के बल्केश्वर महादेव मंदिर मेले पर लगने वाली परिक्रमा से पहले नगर निगम 44 किमी. लंबे रूट की स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने में लग गया है। अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में परिक्रमा मार्ग पर अंधेरा होने की खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद दोपहर से निगम की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में मंदिर रूट पर लाइटें ठीक करने के लिए निकलीं।
जंगल में मौजूद वनखंडी महादेव मंदिर क्षेत्र में अंधेरा देखते हुए नगर निगम 100 अस्थायी लाइटें लगवाएगा, जिसके लिए दो जेनरेटर भी लगाए जाएंगे। सभी लाइटें रविवार शाम तक चालू कर दी जाएंगी। नगर निगम के मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने बताया कि वनखंडी क्षेत्र में दो किमी. लंबा कच्चा परिक्रमा मार्ग जंगल से होकर गुजरता है, जहां विद्युत लाइन उपलब्ध नहीं है। इस वजह से पूरे मार्ग पर बल्लियों के सहारे 100 अस्थायी लाइटें लगाई जा रही हैं।
इसके अलावा बल्केश्वर महादेव मंदिर और पार्वती घाट क्षेत्र में भी लगभग 100 अस्थायी लाइटें लगाई जाएंगी। रावली महादेव मंदिर परिसर और आसपास के मार्ग पर करीब 100 अस्थायी लाइटों की व्यवस्था की जा रही है। मंदिरों के पास सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय और बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है।
