आगरा। खेरिया सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट से नियमित हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अक्तूबर के मुकाबले नवंबर के शुरुआती 15 दिनों में नियमित उड़ानों से आगरा पहुंचने वाले यात्रियों का औसत करीब 15 प्रतिशत बढ़ गया है। वहीं आगरा से दूसरे शहरों के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों की संख्या के औसत में भी वृद्धि हुई है।

खेरिया सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक विवेक शर्मा ने बताया कि सिविल टर्मिनल एयरपोर्ट के शेड्यूल्ड एयरक्राफ्ट से आने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अक्तूबर में नियमित उड़ानों से कुल 7426 यात्री आगरा पहुंचे थे। 31 दिनों के हिसाब से रोजाना औसतन 239 यात्री आगरा आए। नवंबर के पहले 15 दिनों में 4127 यात्री आगरा पहुंचे। इस अवधि में प्रतिदिन यात्रियों का औसत बढ़कर करीब 275 हो गया। अक्तूबर की तुलना में यह लगभग 15 प्रतिशत अधिक है।

इसी तरह अक्तूबर में आगरा से 6507 यात्रियों ने नियमित उड़ानों से दूसरे शहरों के लिए उड़ान भरी। इनका दैनिक औसत करीब 210 रहा। नवंबर के पहले 15 दिनों में 3392 यात्रियों ने उड़ान भरी। इनका औसत बढ़कर करीब 226 प्रतिदिन हो गया। यानी जाने वाले यात्रियों के दैनिक औसत में भी लगभग आठ प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आगरा एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवा के तहत बंगलूरू और नवी मुंबई के लिए उड़ानों का संचालन हो रहा है। नवंबर के आंकड़ों में दोनों रूटों पर यात्रियों की आवाजाही में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 15 नवंबर को बंगलूरू से आगरा पहुंचने वाली उड़ान में 238 यात्री दर्ज किए गए जबकि आगरा से बंगलूरू जाने वाली उड़ान में 233 यात्रियों ने सफर किया। इससे नियमित उड़ानों से विंटर सीजन में पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। मौजूदा समय में दो फ्लाइट के अलावा अन्य कोई शिड्यूल फ्लाइट नहीं है।

अगर रीजनल एयर कनेक्टिविटी के तहत अन्य फ्लाइट यहां से संचालित की जाएं तो पर्यटन कारोबार का ग्राफ बढ़ सकता था। बता दें कि नवी मुंबई के लिए इंडिगो की एयरबस 320 संचालित की जा रही है। इसकी यात्रियों की क्षमता 180 है। वहीं आगरा से बंगलूरू के लिए एयरबस 321 संचालित की जा रही है। इसकी क्षमता 232 यात्रियों की है।



Source link