फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के दरियाबाद गांव में बृहस्पतिवार को यमुना में मिले किशोरी के शव की पहचान जाफरगंज थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी जितेंद्र सिंह की पुत्री प्राची सिंह (17) के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या और सिर में चोट लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने किशोरी के परिजन से पूछताछ की।
बारा गांव निवासी प्राची की 10 नवंबर को मौत हो गई थी। परिजन ने बताया था कि भैंस के सींग मारने से संतुलन बिगड़ने के कारण वह कुएं में गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का यमुना नदी में जलप्रवाह कर दिया था।
बृहस्पतिवार दोपहर दरियाबाद गांव में श्मशान घाट के पास नदी में शव उतराता मिला। कई दिन पुराना होने के कारण शव फूल चुका था। इस वजह से वह महिला का प्रतीत हो रहा था। कपड़े भी फट गए थे।
पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में गला घोंटने और सिर में चोट के निशान मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने बारा गांव पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की। इसमें शव की पहचान प्राची के रूप में हुई।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या में परिजन की भूमिका संदिग्ध लग रही है। पूछताछ में परिजन ने बताया कि प्राची ने कुएं के पास रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की थी। इससे उसके गले में चोट आई थी।
इसी दौरान गिरने से सिर में भी चोट लग गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। परिजनों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

