चकरनगर। भरेह थाना क्षेत्र के पहलन गांव में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी पति की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पोस्टमार्टम में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
पहलन गांव निवासी शिवपूजन ने रविवार रात शराब के नशे में खाना बनाने को लेकर पत्नी अवधेश कुमारी (36) से विवाद किया था। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। मां को बचाने के लिए बेटी संध्या समेत चारों बच्चे पिता के सामने गिड़गिड़ाते रहे लेकिन आरोपी नहीं रुका। मंगलवार को मृतका के भाई अभिलाख सिंह निवासी नवादा, थाना अयाना औरैया की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। भाई ने बताया था कि आरोपी शराब पीने का आदी था और आए दिन बहन के साथ मारपीट करता था। थाना प्रभारी जगदीश भाटी ने बताया कि आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

