कालपी। हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों को रोककर रंगदारी मांगने में तीन आरोपियों को कालपी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि बदमाशों ने जोल्हूपुर मोड़ ब्रिज के पास पिकअप चालक को रोककर हर महीने 10 हजार रुपये देने की मांग की थी। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मोबाइल भी छीन लिया था।

कदौरा कस्बे के मोहल्ला पुरवा निवासी धर्मेंद्र ने कोतवाली कालपी में तहरीर देकर बताया था कि वह चार अगस्त 2026 की रात करीब एक बजे अपने मित्र अंकित कुमार के साथ पिकअप में केले लादकर उरई स्थित कोल्ड स्टोर से मौदहा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह जोल्हूपुर मोड़ ब्रिज के पास पहुंचा, तभी एक कार से तीन युवक उतरे और उसकी पिकअप को रोक लिया।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उससे कहा कि यदि इस मार्ग से वाहन चलाना है तो हर महीने 10 हजार रुपये देने होंगे। विरोध करने पर एक आरोपी ने तमंचा निकालकर उसे डराया और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बदमाशों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और रुपये देने के बाद मोबाइल वापस करने की बात कही।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी के निर्देशन में ज्ञान भारती चौकी प्रभारी विपिन कुमार और पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गुरुवार को घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में परासन गांव निवासी सत्यम सिंह, सनी कुमार और खेमचंद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं हाईवे पर वाहन चालकों से रंगदारी मांगने की घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें