मऊरानीपुर। क्षेत्र में बृहस्पतिवार को ड्रग इंस्पेक्टर की अचानक हुई छापामार कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। टीम के आने की सूचना फैलते ही बाजार के कई मेडिकल स्टोर के शटर आनन-फानन में गिर गए और संचालक मौके से खिसक लिए। इस दौरान विभागीय टीम ने बिना नियम पालन किए चल रहे मेडिकल स्टोरों की गहनता से जांच की और खामी मिलने पर एक दुकान का लाइसेंस निरस्त /बंद करने के निर्देश दिए।
ड्रग इंस्पेक्टर राहुल कुमार अपनी टीम के साथ कस्बे में मेडिकल स्टोरों की जांच करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई विशेष रूप से ऐसे थोक दवा विक्रेताओं के खिलाफ की जा रही है, जिन्होंने थोक बिक्री का लाइसेंस ले रखा है। लेकिन लंबे समय से उसके तहत व्यापार नहीं कर रहे हैं। जांच के क्रम में टीम कटरा मोहल्ला स्थित नीलेश मेडिकल स्टोर पहुंची। पड़ताल में सामने आया कि संचालक पूर्व में राकेश मेडिकल स्टोर के नाम से कारोबार करते थे और वर्तमान में नीलेश मेडिकल के नाम से काम कर रहे हैं। कागजी प्रक्रिया में खामी पाए जाने पर ड्रग इंस्पेक्टर ने संचालक को नियमों के तहत एक लाइसेंस बंद करने के निर्देश दिए।
