झांसी। शिवपुरी स्थित पीके यूनिवर्सिटी संचालक जगदीश प्रसाद शर्मा ने पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में दतिया निवासी सौरभ भार्गव के खिलाफ सीपरी बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। संचालक ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के जरिए युवक विश्वविद्यालय की छवि खराब करने, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैै।
सीपरी बाजार थाना अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी निवासी जगदीश प्रसाद शर्मा शिवपुरी स्थित उक्त विद्यालय के कुलाधिपति भी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि प्रवेश सत्र आरंभ होते ही दतिया के करैरा निवासी सौरभ भार्गव व्हाट्सएप और फेसबुक पर विश्वविद्यालय तथा उनके संबंध में भ्रामक प्रचार करने लगता है। पिछले साल भी उसने यह किया था। एतराज जताने पर आरोपी ने पांच लाख रुपये रंगदारी समेत एक लाख रुपये प्रतिमाह देने की मांग की। रकम न मिलने पर बदनाम करने की धमकी दी। पिछले साल दबाव में आकर आरोपी को एक लाख रुपये दिए थे। 17 जुलाई की शाम आवास विकास चौराहे से बिहारी तिराहे जाते समय श्मशान घाट के सामने आरोपी ने उनको रोक लिया। दोबारा से एक लाख रुपये ले लिए। बाकी पैसा जल्द देने को धमकाया। शिकायतकर्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीन शॉट भी पुलिस को उपलब्ध करा दिए। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके उसकी जांच शुरू करा दी गई है।
